लखनऊ: 60 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Shine City: सस्ते दरों पर जमीन दिलाने के नाम पर जनता के मेहनत की कमाई लूटने वाले आरोपी ज्ञान प्रकाश उपाध्याय को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञान प्रकाश शाइन सिटी से जुड़े 60 हजार करोड़ के घोटाले में शामिल था। वहीं पुलिस अभी फरार राशिद नसीम तक नहीं पहुंच पाई है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने 60 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के घोटाले के मामले में बेहद महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। क्राइम ब्रांच और अलीगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शाइन सिटी इन्फ्रा प्रोजेक्ट प्रालि. कंपनी के प्रेसिडेंट को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान ज्ञान प्रकाश उपाध्याय के रूप में हुई है। ज्ञान प्रकाश पर 50 हजार का इनाम घोषित था। डीसीपी उत्तरी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि गिरफ्तार ज्ञान प्रकाश पर कुल 19 मुकदमे दर्ज है।

डीसीपी उत्तरी ने बताया कि ज्ञान प्रकाश उपाध्याय मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला है। लखनऊ के अलीगंज में किराए के मकान में रहता था। इसके ऊपर कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। ज्ञान प्रकाश पर गोमतीनगर थाने में दो मुकदमों के चलते 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी शाइन सिटी में एक ब्रोकर के रूप में काम कर रहा था। इसका एमएलएम में भी हिस्सा रहा है।आरोपी ज्ञान प्रकाश ने भोले-भाले निवेशकों की गाढ़ी कमाई शाइन सिटी की अलग अलग स्कीमों में लगवाया था। शाइन सिटी सस्ते दरों पर जमीन दिलाने, ज्वैलरी दिलाने समेत कई तरह की स्कीम चलाता था। निवेशकों को अपने जाल में फंसाने के लिए आरोपी ज्ञान प्रकाश मर्सडीज बेंज जैसी महंगी गाड़ियों से चलता था। डीसीपी उत्तरी ने बताया कि ज्ञान प्रकाश 2020 में भी जेल जा चुका है। 11 महीने जेल में रहने के बाद 2021 में जेल से छूटा था। इसके बाद से बड़े शातिर तरीके से बदल-बदल कर किराए के मकान में रह रहा था। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर उसकी गिरफ्तारी की गई है।

Back to top button