भोपाल , विधायक फूल सिंह बरेया के टिकट पर कांग्रेस में फूट

 भोपाल : मध्य प्रदेश की दस सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। भिंड लोकसभा सीट से भी कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। लेकिन फूल सिंह बरैया को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस में फूट नजर आने लगी है। कांग्रेस से टिकट न मिलने पर पूर्व प्रत्याशी देवाशीष जरारिया ने नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर उन्होंने टिकट न मिलने को लेकर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मध्यम वर्गीय परिवार से होते हुए पांच साल पेट काटकर क्षेत्र में संघर्ष किया, वफादारी, संघर्ष और ईमानदारी की खूब सजा मिली है मुझे। बता दें कि पिछली बार भिण्ड-दतिया लोकसभा सीट से देवाशीष जरारिया चुनाव लड़ चुके हैं। हार के बाद भी वे लगातार सक्रिय थे। लेकिन इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया गया है। भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया गया है। देवशीष जरारिया का कहना है कि उन्होंने सैलरी तक लगा दी। अपना सब कुछ समर्पित कर दिया। देवाशीष जरारिया ने यह पोस्ट कांग्रेस के नामों की घोषणा करने से पहले ही की थी। उन्हें पता था कि इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया जा रहा है। इस नाराजगी के बाद देवाशीष जरारिया ने दिग्विजय सिंह से ग्वालियर में मुलाकात की थी। दिग्विजय सिंह देवाशीष जरारिया को दिल्ली लेकर भी गए। कांग्रेस देवाशीष जरारिया को समझाकर मामले को शांत करने में जुटी हुई है।  
अनिल पुरोहित

Back to top button