युवतियों व महिलाओं ने अवधी होली नृत्य की छटा बिखेरी

लखनऊ : ‘हरि धरे मुकुट खेले होली आज अवध में होली रे रसिया.. ‘ यह वह अवधी फाग के गीत थे, जिस पर युवतियों और महिलाओं ने अवधी होली नृत्य प्रस्तुत कर मानो सम्पूर्ण अवध को होली के रंग में रंग दिया हो। यह खुबसूरत मौका था आज शाम उड़ान संस्था के तत्वावधान में संस्था के फरीदी नगर स्थित प्रांगण में आयोजित उड़ान होली रंग उत्सव का। उड़ान होली रंग उत्सव का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मिथिलेश सिंह, विशिष्ट अतिथि रश्मि चौधरी और लोक नृत्यांगना सरिता सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। ढोलक की थाप, मंजीरे और झांझर की झंकार पर महिलाओं ने सर्व प्रथम विघ्न विनाशक गणेश जी की स्तुति कर अपनी अगाध श्रद्धा अर्पित की। भक्ती – भावना से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के उपरान्त अवधी पारंपरिक होली गीतों ‘हरि धरे मुकुट खेले होली आज अवध में होली रे रसिया’ एवं ‘ रंगी सारी गुलाबी चुनरिया’ पर जानवी गुप्ता, सीमा राय, ज्योति सिंह, सविता कनौजिया, रितु सिंह, प्रियम पांडे, स्वरा त्रिपाठी, ममता और सोनी वर्मा ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का दिल जीत लिया।  ‘रंग डालो ना नंद के लाल’ पर सरिता सिंह के नृत्य निर्देशन में निशा, लक्ष्मी, उषा, कल्पना, नीरज, सुनीता गुप्ता, रीता यादव, आभा श्रीवास्तव, पूजा गुप्ता, मोहिनी ढपोला, रचना, रिंकू और रितिका ने रंग- गुलाल और फूलों से होली खेलते हुए आकर्षक होली नृत्य प्रस्तुत कर अवध को होली के रंग में रंग दिया।सरिता सिंह के संयोजन मे अवधी लोक संगीत से परिपूर्ण इस प्रस्तुति के उपरान्त वंदना, डॉ रेखा चौधरी,  डॉ मंजू बाला, संगीता देवी, गीता सिंह, सीमा सिंह, रिया यादव, प्रतिमा, निती, आरती, रिता और उषा तिवारी ने अबीर-गुलाल से होली खेलते हुए आज अवध में होली रे रसिया,  मेरो खोए गयो बाजू बंद रसिया होरी में गीत पर अवधी होली नृत्य प्रस्तुत कर सम्पूर्ण वातावरण को होली के रंग के मानिन्द सराबोर कर दिया।

Back to top button