बांदा: आप कार्यकर्ताओं ने सरकार की बुलडोजर नीति का किया विरोध

डे नाईट न्यूज़ आम आदमी पार्टी ने कानपुर देहात में प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान काल के गाल में समाई मां-बेटी को श्रद्धांजलि देते हुए बुलडोजर आहुति यज्ञ का आयोजन किया। कार्यकर्ताओं ने हुनमान मंदिर में यज्ञ वेदी बनाकर बुलडोजराय नमरू स्वाहा का मंत्रोच्चार करते हुए आहुतियां डालीं और प्रदेश सरकार की बुद्धि शुद्धि की कामना की।
कानपुर देहात की घटना से आक्रोशित होकर आम आदमी पार्टी ने सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

रविवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह की अगुवाई में शहर के हनुमान मंदिर में बुलडोजर आहुति यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने इस अनूठे यज्ञ में ऊं बुलडोजराय नमरू स्वाहा का मंत्रोच्चार करते हुए आहुतियां डाली और प्रदेश सरकार को जमकर निशाने पर लिया। आप कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर के प्रतीक स्वरूप बुलडोजर के खिलौने भी यज्ञ में डाले।

आप जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की बुलडोजर नीति से एक गरीब ब्राह्मण परिवार की मां-बेटी आग में जिंदा जला दी गई, जिससे आम आदमी खासा आहत हुआ है। आप कार्यकर्ताओं ने यज्ञ में बुलडोजर की आहुतियां डालते हुए सरकार और जिला प्रशासन की बुद्धि शुद्धि की कामना की है।

Back to top button