किसानों की आय दोगुनी करने का दावा खोखला

मैनपुरी पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश भाजपा पर हमला

मैनपुरी : बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा को घेरा। उन्होने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने 79 सांसदों के टिकट काटना चाहती है। एक सांसद का क्षेत्र बदलने को मजबूर हो गई है। गठबंधन लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगा।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों के साथ धोखा किया है। एक तरफ किसान नेता चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया, दूसरी तरफ आंदोलन करने जा रहे किसानों पर लाठी चार्ज करके आंसू गैस के गोले तक छोड़े। किसानों के वाहनों में सरकार ने केले ठुकराकर तानाशाही का परिचय दिया है।

लोकसभा चुनाव में जनता सिखाएगी भाजपा को सबक
भाजपा किसान हित की बात करती है, लेकिन एमएसपी पर कानून बनाने की बात नहीं करती। एमएसपी पर कानून बना दिया जाए तो किसानों को लाभ होगा। भाजपा का किसानों की आय दोगुना करने का दावा खोखला साबित हुआ। कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 50 से अधिक सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी। इतना ही नहीं भाजपा प्रत्याशियों को लोकसभा चुनाव में जनता सबक भी सिखाएगी।

पीडीए ही भाजपा को हराएगा
अखिलेश यादव ने कहा कि एनडीए को हराना बड़ी लड़ाई है, इसके लिए सबको साथ आना पड़ेगा। उन्होंने एक बार फिर से विपक्षी एकता पर जोर दिया। उन्होने ने कहा कि विपक्षी दलों की एकता जरूरी है। इस बार भाजपा अपने मौजूदा सांसदों का टिकट काटने जा रही है। पीडीए ही भाजपा को हराएगा।

स्वामी प्रसाद मौर्य पर कही यह बात
स्वामी प्रसाद मौर्य के पद से इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में बात चल रही है, जल्द इसका समाधान निकल आयेगा। बता दें कि, स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि फिलहाल गेंद अखिलेश यादव के पाले में है और वह जो भी निर्णय लेंगे उसके बाद वो अगला निर्णय लेंगे।

जल्द ही जारी होगी सूची
शिवपाल यादव के चुनाव लड़ने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि मैं और चाचा कहां से चुनाव लड़ेंगे, यह तय कर लिया जाएगा। बहुत जल्दी ही सूची प्रसारित कर दी जाएगी। पल्लवी पटेल के सवाल पर सपा मुखिया अखिलेश यादव बोले कि हम सभी पीडीए के तहत चुनाव लड़ रहे, किसी का कोई विरोध नहीं है।

Back to top button