सर्दियों में गर्म चीजों का सेवन क्यों जरूरी?
ठंड के मौसम में शरीर का तापमान गिरने और मेटाबॉलिज्म धीमा होने से ऊर्जा की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में गर्म तासीर वाले भोजन शरीर का तापमान मेंटेन रखने के साथ पाचन तंत्र को भी सक्रिय रखते हैं। गर्म चीजों का सेवन ठंड में सुस्ती और बीमारियों से बचाने का एक प्रभावी उपाय है।
टमाटर का सूप स्वाद और सेहत दोनों का खजाना है। सर्दियों के मौसम में बाजार सुंदर लाल टमाटरों से भरा होता है। गनीमत ये है कि इस वक्त टमाटर के भाव भी आसमान नहीं छू रहे हैं। इसका सूप बनाना बहुत मुश्किल भी नहीं है। रोज शाम को डिनर से पहले अगर आप काली मिर्च, नींबू, लहसुन और काले नमक के साथ एक कप टमाटर का सूप पिएं तो जबान को स्वाद भी मिलेगा और शरीर को पोषण भी।
टोमैटो सूप के फायदे
- टमाटर एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होता है।
- इसमें लाइकोपिन नामक तत्व पाया जाता है, जो डायबिटीज रोकने में मदद करता है।
- टमाटर में पर्यापप्त मात्रा में विटामिन C, विटामिन A और फाइबर होता है।
- टमाटर में पाया जाने वाले बीटा कैरोटीन स्किन, बाल और दांतों को स्वस्थ बनाए रखता है।
पालक की सब्जियां तो हम खूब खाते हैं। खासतौर से ठंड के दिनों में आलू, पालक, बैंगन और सोया की सब्जी तो घर-घर में खाई जाती है, लेकिन सब्जी को देर तक पकाने से कई सारे पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। ऐसे में हम पालक का सूप बना सकते हैं, जो काफी हेल्दी और टेस्टी होता है। साथ ही जिन्हें पालक की सब्जी पसंद नहीं है, वे सूप के रूप में इसका सेवन कर सकते हैं।
पालक सूप के फायदे
- पालक में पर्याप्त मात्रा में नाइट्रेट पाया जाता है, जो हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है।
- पालक सूप में विटामिन-A, विटामिन-C और आयरन मिलता है। इससे त्वचा में चमक आती है।
- पालक के सूप में आयरन पाया जाता है, जो बालों के लिए बेहद लाभकारी है।
- यह आयरन, फोलेट और विटामिन-K का खजाना है। इसके सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं।