घने कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत, IGI एयरपोर्ट पर 50 से ज्यादा फ्लाइट लेट- लंबी दूरी की कई ट्रेनें रद्द

नई दिल्ली :दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड है। सुबह राष्ट्रीय राजधानी का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश की भी चेतावनी जारी की है। वहीं, पंजाब के कई जिलों में बुधवार सुबह हल्की बारिश भी देखने को मिली।हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे की मोटी परत छाए रहने के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर 50 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। घने कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें भी कई घंटे देरी से चलीं और कई ट्रेनों को रद भी कर दिया गया, जिसके चलते यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में तेज हवाओं और बारिश के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहा। एक दिन पहले मंगलवार को ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 11 और 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार की शाम को हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते गुरुवार को एक बार फिर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है।

Back to top button