बाहुबली पूर्व विधायक पहुंचे सैफई, फोटो वायरल होते ही सियासी अटकलें तेज

सुलतानपुर : बाहुबली पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंग सोनू सैफई पहुंचे। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव से मिलकर उन्हें शोक संवेदना प्रकट किया। पूर्व विधायक की प्रोफेसर के साथ बातचीत की फोटो सोशल मीडिया पर आते ही अटकलों का दौर शुरू हो गया है। लोगों ने इससे लोकसभा चुनाव की गुणा-गणित लगाना भी शुरू कर दिया है।
  बीते दिनों सैफई में प्रोफेसर राम गोपाल यादव के वयोवृद्ध भाई अंतर सिंह यादव का निधन हो गया था। सुल्तानपुर के इसौली से पूर्व विधायक रहे चंद्रभद्र सिंह सोनू प्रोफेसर से मिलने सैफई पहुंच गए। उन्होंने अंतर सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आत्मा की शांति की कामना किया। उसके बाद प्रोफेसर राम गोपाल को शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर आप सबको इस दुःख को सहन करने की ताकत दे। दुःख की इस घड़ी में हम सब आपके पूरे परिवार के साथ हैं।  
बताया जा रहा है कि इसके बाद पूर्व विधायक और राम गोपाल की लंबी बातचीत का दौर चला। चंद्रभद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर बातचीत की फोटो भी शेयर किया। वायरल फोटो को लोग 2024 के लोकसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व विधायक बसपा से मैदान में उतरे थे। उन्हें गठबंधन का समर्थन था। मेनका गांधी ने उन्हें 14 हजार वोटों से हराया था। हाल ही में पूर्व विधायक के शहर स्थित आवास पर बीजेपी एमएलसी की बैठक हुई थी। जिसके बाद कयास लगाया जा रहा था कि वे भाजपा का दामन थाम सकते हैं। कोशिश हुई भी लेकिन कुछ एक मामलों से उनकी एंट्री नहीं हो सकी। अब सपा के कद्दावर नेता के साथ फोटो सामने आने के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। वही सत्ता पक्ष में बेचैनी देखने को मिल रही है

Back to top button