अध्यक्षता में हुई जिला योजना समिति की बैठक

DAY NIGHT NEWS:
सीतापुर। प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा व अध्यक्ष मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुयी। प्रभारी मंत्री सिंह ने कड़े निर्देश दिये कि कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान योजना, विधवा पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये तथा समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के समन्वय से ब्लॉक स्तरीय शिविरों का आयोजन कराया जाये, जिनमें ऑनलाइन फार्म भरवाये जाने की भी व्यवस्था हो। साथ ही ऐसे कैम्पों का पूर्व में प्रचार-प्रसार भी किया जाये। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन से भी सभी पात्रों को आच्छादित किये जाने हेतु निर्देशित किया। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि योजना के तहत होने वाले कार्य को पूरी गुणवत्ता एवं समयबद्धता से पूर्ण किया जाये और प्रस्तावित परिव्यय का शत-प्रतिशत उपयोग करना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को किये जाने वाले कार्यों की नियमित रूप से जानकारी दी जाये। साथ ही लाभार्थियों का विवरण सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से नियमित रूप से वार्ता अवश्य की जाये तथा उनसे प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार कार्य कराये जायें, क्योंकि जनप्रतिनिधि क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं और उनकी प्राथमिकताओं से भलीभांति अवगत होते हैं। इससे न सिर्फ योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग मिलेगा बल्कि पारदर्शिता के साथ जनता लाभान्वित हो सकेगी।
               इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जिले की जिला योजना में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं हेतु प्रस्तावित परिव्यय के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि वर्ष 202-23 की जिला योजना को जनपद के सभी विभागों से समन्वय करते हुये अन्तिम रूप दिया गया है। जिले के स्थानीय संसाधनों एवं आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुये ऐसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी गयी है, जिसमें व्यय करने से अल्प अवधि में ही विकास की सम्भावनाएं प्रबल हो सके। उन्होंने बताया कि विकास योजना का मुख्य उद्देश्य उत्पादन में वृद्धि करना, बेरोजगारी को दूर करना, गरीबी उन्मूलन, आर्थिक एवं सामाजिक अवस्थापना सुविधाओं का विकास करना है। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गम्भीरता से लेकर उनका निराकरण करके संबंधित जनप्रतिनिधि को अवगत करायें। जनप्रतिनिधियों से निरन्तर संवाद बनाये रखें। उन्होंने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का नियमों के अन्तर्गत समयान्तर्गत अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा। बैठक में कृषि विभाग में वित्तीय वर्ष 2022-23 की जिला योजना हेतु विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन हेतु कुल रू0 36.58 लाख धनराशि का परिव्यय प्रस्तावित किया गया है। जिसमें 60 प्रतिशत केन्द्रांया व 40 प्रतिशत राज्यांश हैं। नगरीय पेयजल में वर्ष 2022-23 के लिये कुल 402.60 लाख रू0 का परिव्यय प्रस्तावित किया गया है। अनुसूचित जाति कल्याण मेे जिला योजना वर्ष 2022-23 के लिए विभाग द्वारा 947.64 लाख रू0 की धनराशि प्रस्तावित की गयी है। पिछड़ा वर्ग कल्याण में जिला योजना वर्ष 2022-23 हेतु कुल 166.35 लाख रू0 की धनराशि का परिव्यय किया गया है। बैठक में राज्यमंत्री, कारागार सुरेश राही, राज्य मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग उ0प्र0 शासन राकेश राठौर गुरू, जिला पंचायत अध्यक्ष ऋद्धा सागर गुप्ता, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चैहान, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, विधायक सिधौली मनीष रावत, विधायक मिश्रित रामकृष्ण भार्गव, विधायक बिसवां निर्मल वर्मा, पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान, मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग बृज मोहन शुक्ला, नगर मजिस्ट्रेट अमृता सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 मधु गैरोला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button