उत्तराखंड: ऊँचे हिमालयी क्षेत्रो में बर्फ़बारी से बढ़ी ठण्ड

डे नाईट न्यूज़ उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात से ठंड बढ़ गई है। मुनस्यारी के खलियाटॉप सहित मिलम, पंचाचूली में एक इंच बर्फबारी हुई है। निचले क्षेत्रों में दिनभर बादल छाने से ठंड बढ़ गई है। खलियाटॉप में एक इंच, मिलम में दो इंच, नग्निधूरा में दो इंच, लास्पा में दो इंच बर्फबारी हुई है।

खलियाटॉप में बर्फबारी के बाद मुनस्यारी का अधिकतम तापमान माइनस दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मुनस्यारी में सुबह के समय बूंदाबांदी हुई। ठंड बढ़ने के बाद बलाती ईको पार्क में तालाब और पाइपलाइन जम गई हैं।

नलों में ही पानी जमने से सुबह के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ सहित विभिन्न हिस्सों में सुबह के समय बूंदाबांदी हुई। डीडीहाट, बेड़ीनाग, कनालीछीना, थल सहित कई अन्य हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। ठंड बढ़ने के बाद पिथौरागढ़ बाजार में दिनभर सुनसानी रही। पिथौरागढ़ में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिथौरागढ़ जिले में पिछले दो माह से बारिश नहीं हुई है। इन दिनों खेतों में गेहूं, मसूर, जौं, चने की फसल बोई गई हैं। फसलों को पानी की जरूरत है। असिंचित क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र बारिश नहीं हुई तो फसलें सूख जाएंगी। कृषि विशेषज्ञ डॉ.चेतन भट्ट ने बताया कि अभी सूखे जैसे हालात नहीं हैं। 21 से 23 जनवरी के बीच बारिश होने के आसार हैं। इससे फसलों के उत्पादन में सुधार होगा। 

बागेश्वर जिले में हिमालयी क्षेत्र से सटी फुर्किया, द्वाली, कर्मी की ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात हुआ है। निचले इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं। बृहस्पतिवार को बागेश्वर का न्यूनतम तापमान 8 और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था।

रानीखेत में बृहस्पतिवार को मौसम मिजाज एकदम बिगड़ गया। चौबटिया क्षेत्र में सुबह सवा पांच बजे हल्की बारिश के साथ बर्फ के फाहे गिरे। खराब मौसम के बीच दिनभर सर्द हवाएं चलने से पूरा क्षेत्र कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया। प्रशासन ने यहां अलाव की व्यवस्था की हुई है। जगह जगह अलाव जलने से राहगीरों को राहत मिल रही है।

Back to top button