डे नाईट न्यूज़ हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाके बर्फ से लकदक हो गए हैं। शुक्रवार को डलहौजी में सर्दियों के सीजन की पहली बर्फबारी हुई। शिमला, धर्मशाला और चंबा में वीरवार रात को बारिश हुई। प्रदेश में ताजा बर्फबारी होने से दो नेशनल हाईवे (एनएच) समेत 134 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। इनमें 121 सड़कें लाहौल-स्पीति में बंद हैं। प्रदेश भर में 23 ट्रांसफार्मर, सात पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
लाहौल को जोड़ने वाला मनाली-लेह मार्ग अटल टनल में ताजा बर्फबारी से बंद हो गया है। जलोड़ी दर्रा में हुई बर्फबारी से बाह्य सराज की 69 पंचायतों को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-305 भी बंद हो गया है।
भारी बर्फबारी से बिजली के तार और पोल टूटने से पांगी घाटी में ब्लैक आउट हो गया है। शुक्रवार सुबह राजधानी शिमला सहित कई जगह धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के अधिकांश क्षेत्र बर्फबारी से कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी के बाद पर्यटन नगरी डलहौजी पर्यटकों से गुलजार रही।
किन्नौर जिले के छितकुल, कल्पा, आसरंग, कुमारसैन उपमंडल के नारकंडा और आनी के जलोड़ी जोत में भी बर्फबारी हुई है। जिला मंडी में सराज के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माता शिकारी और शैटाधार के अलावा स्पैहणीधार, तुंगासीगढ़, मगरूगला, भुलाह, स्पैहणीधार, चिउणी चेत, थाना, डाहर, खाटू खनेर में भी बर्फबारी हुई है।
जिला कांगड़ा में धौलाधार की पहाड़ियों और अन्य पर्वतीय इलाकों में वीरवार देर रात को बर्फबारी हुई। मुल्थान-बड़ागांव के लिए शुक्रवार को बस सुविधा बंद रही।
लाहौल घूमने गए देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटक वीरवार देर रात तक अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से लेकर धुंधी तक फंसे रहे। 400 पर्यटक वाहनों में फंसे इन पर्यटकों को कुल्लू और लाहौल पुलिस ने मिलकर रात 3:00 बजे तक रेस्क्यू किया।
शनिवार से प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ बने रहने का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में 3 जनवरी तक सुबह और शाम के समय धुंध छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
बर्फबारी सेंटीमीटर में
बारालाचा 60
रोहतांग दर्रा 50
कुंजुम दर्रा 45
अटल टनल 25
ग्रांफू 20
कोकसर 15
सोलंगनाला 15
न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में
केलांग -6.3
कुकुमसेरी -1.1
कल्पा -0.5
नारकंडा -0.3
कुफरी 0.2
डलहौजी 0.7
मनाली 1.8
सोलन 2.4
शिमला 3.5
धर्मशाला 6.2