डे नाईट न्यूज़ गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
राजकोट जिले की राजकोट पूर्व विधानसभा सीट पर पिछले चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा है। इस चुनाव से पहले पिछले दो चुनाव में भाजपा को जीत हासिल हुई थी। 2008 में हुए परिसीमन के बाद ये सीट अस्तित्व में आई। 2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक गोविन्द भाई पटेल की जगह रमेशभाई टीलाला को मैदान में उतारा था। टिलाला ने आम आदमी पार्टी की ओर से उतरे शिवलाल बारसिया को 78,864 वोटों से हरा दिया।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली थी
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार गोविन्द भाई पटेल ने कांग्रेस के दिनेश चोवाटिया को 47 हजार वोटों से हराया था। इस चुनाव में कुल दस उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी आठ की जमानत जब्त हो गई थी। 2017 से पहले 2012 चुनाव में भी यहां से भाजपा के गोविन्द भाई पटेल जीते थे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मितुल डोंगा को शिकस्त दी थी।
मौजूदा विधायक को भाजपा ने नहीं दिया था टिकट
2022 के चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक गोविन्द भाई पटेल का टिकट काट दिया था। उनकी जगह पार्टी ने रमेशभाई टिलाला को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने हितेष मगनभाई वोरा को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया था। आम आदमी पार्टी की ओर से शिवलाल बारसिया मैदान में थे। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ था। नतीजे आठ दिसंबर को आए थे।
2017 में जिले में भाजपा ने जीती थी छह सीट
राजकोट दक्षिण विधानसभा सीट, राजकोट जिले में आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की आठ में से छह सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।