
डे नाईट न्यूज़ राजकोट जिले की राजकोट पूर्व विधानसभा सीट परप अब तक दो बार चुनाव हुए हैं। 2008 के परिसीमन के बाद यह सीट अस्तित्व में आई। 2012 में इस सीट पर पहली बार चुनाव हुए। अब तक हुए दो चुनाव में से भाजपा-कांग्रेस दोनों को एक-एक जीत अर्जित हुई है।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली
2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा उम्मीदवार अरविन्द रैयाणी ने कांग्रेस के मितुल डोंगा को 22 हजार वोट से हराया था। इस चुनाव में कुल 12 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी दस की जमानत जब्त हो गई थी। 2017 से पहले 2012 चुनाव में इस सीट को कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे इंद्रनील राजगुरु ने भाजपा उम्मीदवार चिमन भाई शुक्ल को शिकस्त दी थी।
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक अरविन्द रैयाणी का टिकट काट दिया है। उनकी जगह पार्टी ने उदय कानगड को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व विधायक इंद्रनील राजगुरु को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया है। इंद्रनील राजगुरु इसी साल अप्रैल में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में चले गए थे। हालांकि, महज छह महीने में ही राजगुरु ने गुजरात चुनाव से ठीक पहले घर वापसी कर ली और इसे भाजपा का बेहतर विकल्प करार दिया। आम आदमी पार्टी की ओर से राहुल भुवा मैदान में हैं। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हो रहा है। नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।
राजकोट पूर्व विधानसभा सीट, राजकोट जिले में आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की आठ में से छह सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। वहीं, दो सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
पहले चरण में 89 सीटों पर चुनाव होना है। पहले चरण के लिए पांच नवंबर को अधिसूचना जारी हो चुकी है। 14 नवंबर तक नामांकन हुआ। नामांकन पत्रों की जांच 15 नवंबर और 17 नवंबर तक नाम वापसी हुई। वहीं, एक दिसंबर को चुनाव हो रहा है।
इसी तरह दूसरे चरण में 93 सीटों पर चुनाव होना है। इसके लिए अधिसूचना 10 नवंबर को जारी हुई है। 17 नवंबर तक नामांकन दाखिल हुए। नामांकन पत्रों की जांच 18 नवंबर और 20 नवंबर तक नाम वापसी हुई। दूसरे चरण के लिए पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।