मुंबई हमले के दोषी तहव्वुर को भारत लाया जा रहा, अमेरिका से स्पेशल फ्लाइट रवाना, देर रात लैंड होगी

तहव्वुर पाकिस्तानी सेना में डॉक्टर रहा, कनाडाई नागरिक
64 साल का तहव्वुर हुसैन राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है। तहव्वुर हुसैन पाकिस्तानी सेना में डॉक्टर के तौर पर काम करता था। इसके बाद वह 1997 में कनाडा चला गया और वहां इमिग्रेशन सर्विसेस देने वाले बिजनेसमैन के तौर पर काम शुरू किया।
कनाडा से वह अमेरिका पहुंचा और शिकागो सहित कई लोकेशंस पर फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज नाम से कंसल्टेंसी फर्म खोली। अमेरिकी कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, राणा कई बार कनाडा, पाकिस्तान, जर्मनी और इंग्लैंड भी गया था। वह लगभग 7 भाषाएं बोल सकता है।
सबसे पहले पढ़िए ट्रम्प और मोदी ने तहव्वुर को लेकर क्या बयान दिया

ट्रम्प ने कहा, “मुझे ये ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सरकार ने दुनिया के सबसे बुरे लोगों में शामिल और मुंबई के खौफनाक हमलों की साजिश के आरोपी के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। अब वह भारत जाकर न्याय का सामना करेगा।”
पीएम मोदी ने कहा, “मुंबई के आतंकी हमले के आरोपी को पूछताछ और ट्रायल के लिए भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए मैं प्रेसिडेंट ट्रम्प का धन्यवाद करता हूं।”
अमेरिका के शिकागो में अक्टूबर 2009 में FBI ने ओ ‘हेयर एयरपोर्ट से तहव्वुर राणा को गिरफ्तार किया था। उस पर मुंबई और कोपेनहेगन में आंतकी हमले को अंजाम देने के लिए जरूरी सामान मुहैया कराने का आरोप था। हेडली की गवाही के आधार पर तहव्वुर को 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद पांच साल उसे निगरानी में रहना था।
2011 में राणा को दानिश न्यूजपेपर मॉर्गेनाविसेन जाइलैंड्स-पोस्टेन पर हमले की साजिश रचने का दोषी पाया गया था। इस अखबार ने 2005 में पैगंबर मोहम्मद पर 12 विवादित कार्टून्स छापे थे। इसके विरोध में ऑफिस पर हुए हमले में एक कार्टूनिस्ट का सिर कलम कर दिया गया। अगले ही साल यही 12 कार्टून ‘चार्ली हेब्दो’ नाम की फ्रांसीसी मैगजीन ने छापे, जिसके बदले में 2015 में चार्ली हेब्दो के ऑफिस पर हमला करके 12 लोगों की हत्या कर दी गई थी।
2011 में ही भारत की NIA ने राणा समेत 9 लोगों पर मुंबई आतंकी हमले की साजिश रचने और अंजाम देने के आरोप में चार्जशीट दाखिल की। 2023 में मुंबई पुलिस की तरफ से पेश की गई 400 पेज की चार्जशीट में पुलिस ने लिखा कि राणा 11 नवंबर 2008 को भारत में दाखिल हुआ और 21 नवंबर तक यहां रहा। इस दौरान वह दो दिन मुंबई के पवई में होटल रिनैसां में रहा।