UP में फिर पड़ेगी कड़ाके की सर्दी, 19 जनवरी तक भीषण ठंड मौसम विभाग ने जारी किआ अलर्ट

डे नाईट न्यूज़ UP में आज से मौसम तेजी से करवट लेगा। मौसम विभाग ने 14 से 19 जनवरी तक भीषण ठंड की संभावना जताई थी। इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। लखनऊ समेत आस-पास के जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को पूरे दिन धूप निकलने के बाद भी यूपी में गोरखपुर सबसे ठंडा रहा।

यहां का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं झांसी के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अच्छी खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया। ये प्रदेश में सबसे अधिक था।

तेजी से घटेगा तापमान
कानपुर में सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, कानपुर समेत यूपी में अब अगले 6 दिन कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी संभावना है। पारा 2 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 16 से 19 के बीच सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। वहीं शुक्रवार को पूरे दिन निकली धूप से पारा 6 डिग्री तक चढ़ गया है।

यूपी में छाएगा घना कोहरा
मौसम विज्ञानी डॉ. पांडेय के मुताबिक प्रदेश में बीते 48 घंटे से कोहरा कुछ कम हो गया था। लेकिन, शीतलहर के दोबारा लौटने से घना कोहरा एक बार फिर यूपी को अपनी आगोश में लेगा। वहीं लखनऊ में शुक्रवार सुबह बारिश हुई थी। आज भी बारिश के आसार बने हुए हैं।

वेस्ट UP में आज भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पश्चिमी UP में अगले 2 दिन में हल्की बारिश के आसार जताए थे। कल लखनऊ और आस-पास के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। आज भी पश्चिमी यूपी यानी गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और इसके आसपास के इलाकों में बारिश के आसार बने हैं।

प्रयागराज में कल से बढ़ेगी सर्दी

प्रयागराज में पिछले 10 दिनों से पड़ रही भीषण सर्दी से शनिवार को थोड़ी राहत मिली। मिनिमम पारा 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम पारा 22 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से फिर कड़ाके की सर्दी का पूर्वानुमान जताया है। कोल्ड वेव चलेगी और न्यूनतम पारा फिर लुढ़ककर 6 डिग्री तक जाएगा। यह स्थिति आने वाले एक सप्ताह तक बरकरार रहेगी। प्रयागराज में 16 जनवरी को पारा पांच डिग्री तक लुढ़क कर जाने का पूर्वानुमान है। फिलहाल शनिवार को कोहरा कम रहा। मौसम साफ है।

वाराणसी में 10 डिग्री तक चढ़ा पारा

वाराणसी में एकाएक ठंडक कम हो गई है। अधिकतम तापमान 14 डिग्री से सीधे 24 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। अचानक से 10 डिग्री तक पारा गिरने से ठंड कम हो गई है। मौसम भी लगभग साफ है। तेज धूप खिली है। मकर संक्रांति से सूर्य का उत्तरायण होना काफी राहत दे रहा है। आज सुबह वाराणसी का 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, रात में तापमान 13, 20 और 17 डिग्री सेल्सियस तक था। वहीं, वाराणसी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे साढ़े 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज शहर में सुबह की विजिबिलिटी 1 किलोमीटर और गांवों में 500 मीटर दर्ज की गई। हवा बिल्कुल शांत है। 

झांसी में दोबारा शुरू हुई ठंड

झांसी में भीषण ठंड ने दोबारा वापसी की है। करीब 6 दिन बाद आज सुबह से कोहरा छाया हुआ है। 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। कल तक ठंड और कोहरा बढ़ जाएगा। शुक्रवार-शनिवार की रात का पारा 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, आज अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को पारा 28 डिग्री पहुंच गया था। 

Back to top button