
डे नाईट न्यूज़ जैसे-जैसे मध्यप्रदेश में चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे ही नेताओं के बोल उग्र होते जा रहे हैं। ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले से आया है। पशु पालकों और वनांचल के ग्रामीणों के लिए कांग्रेस द्वारा किए गए आंदोलन में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस विधायक बाबूलाल जंडेल ने विवादित बयान दिया। इस बार एक नहीं बल्कि तीन-तीन विवादित बयान उन्होंने एक साथ दिए, जो अब जिले भर में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
कांग्रेस विधायक जंडेल ने संबोधन के दौरान कहा है कि भाइयों अगर सरकार आई तो आप इसकी चिंता मत करो जंगल में बकरियों को जलाने वालों को मैं जिंदा जला दूंगा, वह यहीं नहीं रुके और कहने लगे कि, मैं बाहर था मुझे सुनने में आया था कि पुलिस वालों ने लोगों को मारा पीटा है, अगर मैं यहां होता तो मेडिकल पुलिस वालों का भी होता।
बाबूलाल जंडेल पहले भी इस तरह के विवादित बयान पूर्व में दे चुके हैं। इन विवादित बयानों के अलावा उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत और खुद की लोकप्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि सरपंच बनना बहुत ज्यादा मुश्किल है, अगर रामनिवास रावत सरपंच का चुनाव लड़ेंगे तो वह चुनाव हार जाएंगे, उन्होंने खुद के लिए कहा कि वह विधायक का चुनाव जीत गए। लेकिन सरपंच का चुनाव लड़ेंगे तो हार जाएंगे। विधायक ने बातों ही बातों में अपनी और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत की लोकप्रियता पर सवाल खड़े किए, जो अब चर्चा में हैं।