डे नाईट न्यूज़ कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को हरियाणा के बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में दाखिल हुई। यहां से सुबह 6 बजे यात्रा शुरू हुई। इस दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक घंटा 40 मिनट में साढ़े आठ किलोमीटर की दूरी तय की। इसके बाद वह न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में विश्राम के लिए रुके। यात्रा निजामुद्दीन, आईटीओ चौक, राजघाट होती हुई शाम 4.30 बजे लाल किला पहुंचेगी।
दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत ढोल बजाकर किया गया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए। काफी ठंड होने के बाद भी वह यात्रा में शामिल हुए।
दिल्ली पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
शनिवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में निकाली जा रही है। इसमें 52 गज का दामन पहनकर महिलाएं भी शामिल हुईं। पारंपरिक पहनावे के साथ वह भी यात्रा में पैदल चल रही थीं।
दिल्ली में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बीच में एक एंबुलेंस फंस गई। जिसे राहुल गांधी ने रास्ता दिया। इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे भीड़ से बाहर निकलवाया गया।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल यह शख्स लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। हाथ में कांग्रेस पार्टी का झंडा लेकर यह भी यात्रा में चल रहा था। इसकी लंबाई देखकर हर कोई इसे देखने को लालायित दिखा।
चूंकि क्रिसमस का समय चल रहा है तो ऐसे में राहुल गांधी भी सेंटा बनने से नहीं चूके। दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने अपने समंर्थकों को टॉफियां दी। दूर मौजूद लोगों तक उन्होंने टॉफियां फेंककर पहुंचाईं।
दिल्ली में स्कूली बच्चे भी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के साक्षी बने। बच्चे सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकले। रास्ते में यात्रा मिल गई, इससे वह भी इसका हिस्सा बन गए। यात्रा में शामिल होने को लेकर वह काफी उत्साहित दिखे।
दिल्ली में घर से स्कूल जाने को निकले एक छात्र ने रास्ते में भारत जोड़ो यात्रा देखी तो वह उसमें शामिल हो गया। राहुल गांधी से मिलने को उत्सुक छात्र उनके करीब जा पहुंचा। इस पर राहुल भी उसके कंधे पर हाथ रखकर चलने लगे। यह तस्वीर लोगों द्वारा काफी पंसद की जा रही है।
दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की एक झलक पाने को जगह-जगह लोग खड़े रहे। घंटों इंतजार के बाद जैसे ही यात्रा वहां से गुजरी तो लोगों ने उनका अभिवादन किया। राहुल ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।