रामकोट सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत थानाध्यक्ष विजय कुमार द्वारा कस्बे के ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक किया गया । मंगलवार दोपहर थानाध्यक्ष विजय कुमार महिला पुलिस बल के साथ ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज पहुंचे व मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा के गुण बताएं। साथ ही उन्हें सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए बनाए गए कानून तथा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें वीमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्प लाइन नंबर-181, चिकित्सीय सहायता 108, पुलिस कंट्रोल नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 आदि के बारे में भी जानकारी दी गयी।
प्रशिक्षक महिला आरक्षी बबली चौहान ने छात्राओं को आत्म रक्षा के उपाय बताए। बबली चौहान ने छात्राओं को मनचलों को सबक सिखाने के गुर भी बताये। उन्होंने छात्राओं को बताया कि वे अपने को कभी भी कमजोर न समझें। मन में हीन भावना आते ही सामने वाला भापं जाता है कि यह डर रही है। इससे उसका मनोबल बढ़ता है। इसलिए मनचलों का सामना करने के लिए छात्राओं को मानसिक तौर तैयार रहना चाहिए। कहा कि जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों पर बेहिचक काल करें, पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस अवसर पर प्रबंधक अरुण बाजपेई प्रधानाचार्य कल्पना बाजपेई उप प्रधानाचार्य सुनीत अग्निहोत्री व शिक्षक गण मौजूद रहे।
