DAY NIGHT NEWS LUCKNOW
प्रयागराज में डेंगू संक्रमितों की संख्या 609 पर पहुंच गई है। बुधवार को 44 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। एलाइजा जांच कराने वालों की संख्या जहां अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है, वहीं पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए प्लेटलेट्स की मारामारी मची हुई है। यह लगातार तीसरा दिन है जब जिले में डेंगू के नए मरीजों की संख्या 40 के पार गई है। इससे बुखार पीड़ितों में डेंगू का खौफ बढ़ गया है।
आगरा में डेंगू और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। गुरुवार तक ये आंकड़ा 518 पार कर गया। इससे पहले बुधवार को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 36 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसमें आगरा के 29 मरीज शामिल हैं। एटा के चार, इटावा, हाथरस और फिरोजाबाद के एक-एक मरीज में डेंगू मिला। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू के 29 नए मरीज मिलने से आगरा में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 518 हो गई है।
लखनऊ में के इंदिरानगर, अलीगंज, आलमबाग, टूड़ियागंज और सिल्वर जुबली क्षेत्र में बुधवार को डेंगू के 18 नए मरीज मिले हैं। यहां के 3888 घरों के सर्वेक्षण में से 27 में मच्छरजनित स्थितियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया है।
गोरखपुर जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रेलवे वर्कशॉप में काम करने वाले छह कर्मचारियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनका रेलवे अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं जिला अस्पताल में बीते तीन दिनों में पांच नए मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें चार पुरुष और एक महिला है। सभी की हालत सामान्य है और तेजी से रिकवरी भी हो रही है।
उत्तराखंड में 27 अक्तूबर तक डेंगू के कुल 370 मरीज सामने आए हैं और एक की मौत हुई है। देहरादून जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 101 पहुंच गई है। वहीं बुधवार को रुड़की में पांच लोगों सहित कुल 22 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है।